घर में सोता रहा परिवार, ताला तोड़कर नगदी-जेवर और कपड़े ले उड़े चोर
डीजे न्यूज,तिसरी,गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के पलमरुआ गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर हजारों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर घर के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और नगदी, जेवर तथा कपड़े लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय बासुदेव पंडित की पत्नी दुलारी देवी अपने बेटे और बहू के साथ घर में सोई हुई थीं। इसी दौरान रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर चोरों ने दुकान के ग्रिल का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश कर गए। इसके बाद घर में रखे नगदी, जेवर और कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया।
हैरानी की बात यह है कि घनी आबादी वाले पलमरुआ गांव में चोर काफी देर तक चोरी की घटना को अंजाम देते रहे, लेकिन घर में सो रहे लोगों और आसपास के ग्रामीणों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
शनिवार की सुबह दुलारी देवी और उनके परिजनों की नींद खुली तो दुकान के गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान की जांच करने पर नगदी, जेवर और कपड़े गायब पाए गए। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना तिसरी पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस पलमरुआ गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। चोरी की इस घटना से गांव के लोगों में चिंता का माहौल है।