फासीवाद के खिलाफ संघर्ष तेज होगा : चंद्रदेव महतो

Advertisements

फासीवाद के खिलाफ संघर्ष तेज होगा : चंद्रदेव महतो

 

सिंदरी में भाकपा माले का 57वां स्थापना दिवस मना

डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : सिंदरी नगर कमेटी के द्वारा बुधवार को भाकपा माले का 57वां स्थापना दिवस बिरसा समिति कार्यालय में विधायक चंद्रदेव महतो की उपस्थिति में मनाया गया। भाकपा (माले) का 57वां स्थापना दिवस पूरे राज्य में मनाया जा रहा है। 22 अप्रैल 1969 को भाकपा माले का गठन हुआ था।

कार्यक्रम में केंद्रीय कमेटी द्वारा जारी संकल्प-पत्र पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। विधायक कामरेड चंद्रदेव महतो ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रमों में भाजपा-आरएसएस के नफरती एजेंडे के खिलाफ संघर्ष, फासीवादी ताकतों को परास्त करने और जनपक्षीय मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज देश के सामाजिक-आर्थिक हालात खराब होते जा रहे हैं। मजदूरों, किसानों, छात्रों और युवाओं के बीच व्यापक असंतोष है। श्रम कानूनों में बदलाव, बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के अधिकारों पर हमला जैसे मुद्दों पर जनता लगातार आंदोलित है। किसान आंदोलन और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ जारी प्रतिरोध यह संकेत देता है कि आने वाले समय में जनसंघर्ष और तेज होगा। साथ ही सामाजिक न्याय, आरक्षण और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का सवाल भी केंद्र में है।

पार्टी ने आह्वान किया है कि इन परिस्थितियों में जनआंदोलनों को संगठित कर साम्राज्यवाद और फासीवाद के खिलाफ मजबूत संघर्ष खड़ा किया जाए। यह स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संघर्ष और संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर होगा।

विधायक ने कहा कि सिंदरी के सभी नौजवानों को संगठित कर उद्योग क्षेत्र HURL में रोजगार के सवाल पर बहुत जल्द बड़ा कार्यक्रम लिया जाएगा। सिंदरी के लिए रोजगार सबसे अहम मुद्दा बना हुआ है, अब आंदोलन करके ही इसको हासिल करना होगा।

इस कार्यक्रम में सिंदरी नगर सचिव राजीव मुखर्जी, विमल रवानी, राजू सिंह, ओम प्रकाश राम, राजू पांडे, शुभम सिंह, गोपाल महतो, संजय सिंह, राजेश मुखर्जी, मंटु राम, अर्जुन ठाकुर, एमडी आजाद, सुमित, श्याम गोस्वामी आदि लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top