कोच्चि में धनबाद के 12 पिकलबॉल खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

कोच्चि में धनबाद के 12 पिकलबॉल खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

डीजे न्यूज, धनबाद : रांची के खेलगांव में आयोजित 5वीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद धनबाद के 12 खिलाड़ियों ने 10वीं नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। केरल के कोच्चि में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

19 और 20 सितंबर को हुई स्टेट चैंपियनशिप में धनबाद के खिलाड़ियों ने कुल 13 पदक जीते। इनमें छह स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से करीब एक हजार खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है, जबकि झारखंड से 85 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए धनबाद से चयनित खिलाड़ियों में गौरव कुमार, दीपक कुमार, प्रिंस विश्वकर्मा, जिगर विश्वकर्मा, सत्यम कुमार, रबिउल खान, अंश कुमार, सूर्यांश कुमार, सत्यम विश्वकर्मा, विनय गुप्ता, मयंक राज और सोनू कुमार शामिल हैं।

स्टेट चैंपियनशिप में अंडर-12 वर्ग में अंश कुमार ने सिंगल्स में स्वर्ण और अरुष कुमार ने कांस्य पदक जीता। अंडर-14 में रबिउल खान ने सिंगल्स में स्वर्ण, अंश कुमार व मयंक राज ने डबल्स में रजत तथा सत्यम कुमार ने सिंगल्स में कांस्य पदक हासिल किया।

अंडर-16 वर्ग में सूर्यांश कुमार ने सिंगल्स में कांस्य, जबकि सूर्यांश कुमार और विनय गुप्ता की जोड़ी ने डबल्स में रजत पदक जीता। अंडर-19 वर्ग में जिगर विश्वकर्मा ने सिंगल्स और जिगर विश्वकर्मा-आदित्य प्रजापति की जोड़ी ने डबल्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी वर्ग में सत्यम विश्वकर्मा व एमडी कासिद नबी की जोड़ी ने डबल्स में रजत तथा आदित्य प्रजापति ने मेन्स सिंगल्स में रजत पदक जीता।

35 प्लस वर्ग में गौरव कुमार ने मेन्स सिंगल्स और मेन्स डबल्स दोनों में स्वर्ण पदक हासिल किया।

झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सह धनबाद पिकलबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. सुधीर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी।

वहीं एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी सह धनबाद पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव गौरव कुमार ने कहा कि धनबाद के 12 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कोच्चि में भी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top