एसएसपी ने डीएसपी विधि व्यवस्था कार्यालय का किया निरीक्षण, पुराने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने शुक्रवार को डीएसपी विधि व्यवस्था कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय, संबंधित थाना प्रभारी तथा कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों की स्थिति एवं विभिन्न अभिलेखों के संधारण की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी प्रभात कुमार ने डीएसपी कार्यालय के विभिन्न कक्षों एवं शाखाओं का भ्रमण कर वहां संधारित दस्तावेजों एवं संचिकाओं की जांच की। उन्होंने लंबित कांडों से संबंधित अभिलेखों, अनुसंधान की प्रगति तथा मामलों में की गई कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही कार्यालय में रखे जा रहे अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
एसएसपी ने वर्ष 2023 तक के सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुराने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा अनुसंधान में यदि किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या आ रही हो तो उसका तत्काल समाधान करते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुकदमों से संबंधित सुपरविजन रिपोर्ट, चार्जशीट, अंतिम प्रतिवेदन, केस डायरी एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का विधिवत संधारण सुनिश्चित किया जाए। सभी दस्तावेज समय पर तैयार एवं अद्यतन रखने तथा लंबित कार्रवाई की नियमित निगरानी करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने लंबित मामलों एवं वारंटों के निष्पादन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित वारंटों की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित थाना प्रभारी एवं अनुसंधान पदाधिकारी उनके निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं न्यायालय से संबंधित प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
एसएसपी प्रभात कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुराने मामलों के निष्पादन के साथ-साथ वर्तमान मामलों के अनुसंधान की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कार्यालय स्तर पर लंबित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, अभिलेखों के बेहतर संधारण तथा थाना स्तर से प्राप्त प्रतिवेदनों की समयबद्ध समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के अंत में एसएसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि लंबित कांडों, वारंटों एवं न्यायालय से संबंधित मामलों के निष्पादन में तेजी लाते हुए पुलिस कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी स्तर पर निरंतर निगरानी एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।