एसआईआर गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन को 24 घंटे के अंदर शत-प्रतिशत पूरा करें : आयुक्त विजय गुप्ता
अधिकारियों के साथ बैठक में राजस्व बढ़ाने पर दिया जोर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों की व्यापक समीक्षा बैठक कर राजस्व संग्रह में तेजी लाने, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन को 24 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त ने SIR के अंतर्गत प्रखंडवार गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन की समीक्षा करते हुए सभी ईआरओ (ERO) एवं एईआरओ (AERO) को शेष कार्य अगले 24 घंटे में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन बीएलओ (BLO) ने अपने क्षेत्र में गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण किया है, उन्हें सम्मानित किया जाए, ताकि अन्य कर्मियों का भी उत्साह बढ़े।
आयुक्त ने जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) एवं प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY) के तहत संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।
राजस्व बढ़ाने पर विशेष जोर
बैठक में वाणिज्य कर, परिवहन, उत्पाद, खनन, निबंधन विभाग एवं नगर निगम सहित सभी राजस्व अर्जित करने वाले विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्य करते हुए राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि लाने के निर्देश दिए।
अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश
परिवहन विभाग को अवैध रूप से संचालित एवं अवैध खनन में प्रयुक्त हाइवा वाहनों की नियमित जांच करने तथा स्कूल बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध खनन और बालू उठाव पर प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा एनजीटी (NGT) के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
आयुक्त ने राजस्व विभाग, विधि शाखा, भू-अर्जन, भू-हस्तांतरण एवं राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पीजी पोर्टल (PG Portal), सीपीग्राम्स (CPGRAMS) एवं अन्य लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी बल दिया।
नगर निगम की समीक्षा के दौरान होल्डिंग टैक्स संग्रह, साफ-सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए बड़ा चौक, टावर चौक, गांधी चौक सहित प्रमुख स्थानों की नियमित सफाई एवं खराब हाई मास्ट लाइटों को जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने दिए अनुपालन के निर्देश
बैठक के बाद उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने सभी विभागीय अधिकारियों को आयुक्त के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने SIR के डिजिटाइजेशन कार्य को समय सीमा में पूरा करने, राजस्व संग्रह बढ़ाने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, अवैध खनन एवं अवैध शराब के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने तथा परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति अपनाने पर जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।