ईद-ए-मिलाद-उन्नवी को लेकर खुखरा थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगी रोक

ईद-ए-मिलाद-उन्नवी को लेकर खुखरा थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगी रोक

डीजे न्यूज, गिरिडीह : आगामी ईद-ए-मिलाद-उन्नवी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर खुखरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने की। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

थाना प्रभारी ने जनप्रतिनिधियों, समाज के लोगों एवं समिति सदस्यों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान ऐसी कोई गतिविधि नहीं होनी चाहिए, जिससे क्षेत्र की शांति एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ईद-ए-मिलाद-उन्नवी के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूस में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने और प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप ही कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया। साथ ही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

थाना प्रभारी ने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन के साथ आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर प्रेम और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का माहौल कायम रहे।

बैठक में उपस्थित लोगों ने भी पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। मौके पर पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक, महेंद्र यादव, जलाउद्दीन अंसारी, मुजाहिदुल हक, इस्लाम अंसारी, इदरीश अंसारी, फिरोज अंसारी, सिराज अंसारी सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top