खण्डोली डैम के पास साइबर ठगी की साजिश नाकाम, दो युवक गिरफ्तार, 4 मोबाइल और 5 सिम कार्ड बरामद
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खण्डोली डैम के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को 28 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि खण्डोली डैम की ओर जाने वाले रास्ते पर दो युवक बैठकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देने के लिए फोन कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी पु०नि० रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि वे फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर भोले-भाले लोगों को मोबाइल फोन पर APK फाइल भेजते थे। इसके बाद लोगों को झांसे में लेकर उनके साथ साइबर ठगी करते थे। आरोप है कि इस तरीके से लोगों के खातों से पैसे निकालकर ऑनलाइन शॉपिंग की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू मंडल, उम्र करीब 21 वर्ष और सौरभ कुमार मंडल, उम्र करीब 19 वर्ष, दोनों के पिता नकुल मंडल, निवासी सातिबाद, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड जब्त किए हैं। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 33/2026, दिनांक 28 नवंबर 2026 को दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत, पु०अ०नि० गुंजन कुमार, पु०अ०नि० मुकेश कुमार पंडित और स०अ०नि० गजेन्द्र कुमार शामिल थे।
गिरिडीह पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त APK फाइल को डाउनलोड न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत पुलिस को दें।