गणेशपुर सब स्टेशन में कार्यरत अनुबंध कर्मी की ड्यूटी के दौरान मौत, मुआवजा को लेकर नारेबाजी
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
गणेशपुर सब स्टेशन में रॉयल इंटरप्राइजेज कंपनी के अधीन अनुबंध पर कार्यरत कर्मी 37 वर्षीय शेख एहसान उर्फ टिंकु की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में मौत हो गई। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे मृतक शेख एहसान का शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। सहकर्मियों ने आनन-फानन में उसे नजदीक के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। परिजनों द्वारा रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पत्नी, बच्चे और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित दो लड़का और एक लड़की छोड़ गया है। वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शनिवार सुबह खरखरी बस्ती के ग्रामीणों ने मुआवजा और नियोजन की मांग को लेकर गणेशपुर स्थित झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करने लगे।
विभाग के एसडीओ ओमप्रकाश चौहान से वार्ता के बाद सभी लोग वापस अपने घर चले आए। वार्ता में ग्रामीणों ने मांग रखी कि चूंकि मृतक की तबीयत कार्य के दौरान खराब हुई है, आश्रितों को मुआवजा स्वरूप 15 लाख रुपए और पत्नी को तत्काल प्रोविजनल ज्वाइनिंग दी जाए।
जिसके बाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मृतक के आश्रित उसकी पत्नी गुलबशा परवीन को मुआवजा के तौर पर 10 लाख रुपये तथा आज से ही मृतक की पत्नी को प्रोविजनल नौकरी देने पर सहमति बनी। साथ ही तत्काल मृतक के शरीर को सुपुर्दे खाक करने के लिए 10 हजार रुपये झारखंड सरकार की ओर से तथा सहकर्मियों ने अपनी जेब से चंदा जमा कर मृतक की पत्नी को 17 हजार रुपए दिए गए।
मृतक अपने पीछे पत्नी गुलबशा परवीन, बेटा शेख जिसान (13 वर्ष), बेटा शेख इसान (11 वर्ष) और बेटी आइशा परवीन (9 वर्ष) छोड़ गया है। वार्ता में बांसजोड़ा मुखिया राजा लाला, खरखरी मुखिया कुंदन कुमार रजक, फुलारीटांड मुखिया प्रतिनिधि दिलीप विश्वकर्मा, शेख रहीम, रामा शंकर तिवारी, शेख डब्लू, चण्डी ग्याली, शेख डॉक्टर, रोकी मोदक आदि दर्जनों लोग उपस्थित रहे।