रंगामाटी के लॉज में दो महीने से छिपकर बना रहे थे वारदात की योजना, गिरिडीह और बोकारो के बैंक-ज्वेलरी शोरूम थे निशाने पर

गिरिडीह में बड़ी लूट की तैयारी में थे पांच अपराधी, पुलिस ने हथियारों के साथ दबोचा

रंगामाटी के लॉज में दो महीने से छिपकर बना रहे थे वारदात की योजना, गिरिडीह और बोकारो के बैंक-ज्वेलरी शोरूम थे निशाने पर

डीजे न्यूज, गिरिडीह : दूसरे राज्यों से आकर गिरिडीह में ठिकाना बनाने वाले अपराधियों की बड़ी साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। उत्तर प्रदेश और बिहार के पांच अपराधी रंगामाटी स्थित एक लॉज में पिछले दो महीने से रहकर बैंक और ज्वेलरी प्रतिष्ठानों को लूटने की योजना बना रहे थे। गिरिडीह और बोकारो में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी लगभग पूरी थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। गिरिडीह पुलिस ने हजारीबाग पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर पांचों को गिरफ्तार कर लिया।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब एसपी डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली कि निमियाघाट थाना क्षेत्र के रंगामाटी गांव में जीटी रोड किनारे स्थित एक लॉज में बाहरी राज्यों के अपराधी ठहरे हुए हैं। वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने हजारीबाग पुलिस के सहयोग से लॉज में दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक 7.65 एमएम पिस्टल, दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने गिरिडीह बाजार के एक बैंक, एक बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठान और बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र स्थित तनिष्क ज्वेलर्स को लूटने की योजना बनाई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी आकाश सिंह, बिहार के नालंदा निवासी सुजीत कुमार, वैशाली निवासी जयंत कुमार, प्रियांशु कुमार और रंजन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आकाश सिंह और जयंत कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।

एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि दूसरे राज्यों से आकर गिरिडीह में डेरा जमाने वाले अपराधियों की गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से लूट की बड़ी घटना टल गई। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top