बाइक समेत ट्रक में घुसा युवक, दोनों हाथ व जबड़ा टूटा; हालत गंभीर
डीजे न्यूज, तिसरी,गिरिडीह :
तिसरी थाना क्षेत्र के खिजुरी के समीप क्रशर मोड़ पर शनिवार शाम बाइक और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक बाइक समेत ट्रक के अंदर घुस गया। हादसे में युवक के दोनों हाथ और जबड़ा टूट गया, जबकि सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल युवक की पहचान तिसरी के पंदनाटांड़ गांव निवासी अशोक बरनवाल के पुत्र दीपक बरनवाल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दीपक खिजुरी की ओर से बाइक से तिसरी आ रहा था। इसी दौरान क्रशर मोड़ के पास बिहार से बंगाल जा रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर लहूलुहान दीपक को ट्रक के अंदर से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तिसरी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गिरिडीह रेफर कर दिया। फिलहाल दीपक की हालत गंभीर बताई जा रही है।