डुमरी में नो-इंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू करेगा प्रशासन 

Advertisements

डुमरी में नो-इंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू करेगा प्रशासन 

सड़क हादसे के बाद प्रशासन एक्शन मोड में, डुमरी में हटाया गया अतिक्रमण

डीजे न्यूज, गिरिडीह : डुमरी अनुमंडल क्षेत्र में हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना के बाद प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हो गया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर अनुमंडल प्रशासन ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए हैं। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता की अध्यक्षता में अनुमंडल सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, डुमरी थाना प्रभारी, निमियांघाट थाना प्रभारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यवसायी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक में 8 मई को हुई सड़क दुर्घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि डुमरी क्षेत्र में नो-इंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा, ताकि भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन पर रोक लग सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। साथ ही सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया गया।

निर्णय के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डुमरी स्थित वनांचल चौक से सड़क किनारे लगाए गए सब्जी दुकानों एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। प्रशासन की इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था सुचारू हुई और स्थानीय लोगों ने भी पहल की सराहना की।

अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top