भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में मेधावी छात्र हुए सम्मानित

Advertisements

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में मेधावी छात्र हुए सम्मानित

डीजे न्यूज, गिरिडीह : अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह एवं भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा प्रकोष्ठ, गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह की ओर से सोमवार को गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा सर्टिफिकेट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य दयानंद कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। समारोह में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के वर्ग 9, 10, 11 एवं 12 के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा सर्टिफिकेट एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं परीक्षा आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षकों को शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह के मुख्य प्रबंधक कामेश्वर सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का उद्देश्य छात्रों में शिक्षा के साथ संस्कारों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, शालीनता और विनम्रता के प्रति जागरूक किया जाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजन के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह के सदस्यों को धन्यवाद दिया।

समारोह को सफल बनाने में प्राचार्य दयानंद कुमार, जिला संयोजक तुलसी पंडित, महिला मंडल सदस्य पुष्पा शक्ति, बबीता कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, सुचित्रा देवी, बासुकीनाथ राय, सहदेव प्रसाद कुशवाहा, दयानंद प्रसाद, आशा चौरसिया सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top