दशहरा पर होगा महाराणा प्रताप भवन का भूमि पूजन
डीजे न्यूज, धनबाद : राजपूत विचार मंच के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के आवासीय कार्यालय में हुई। अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने की। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों के साथ-साथ समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मंच की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक जल्द आयोजित करने पर सहमति बनी। इस बैठक में महाराणा प्रताप भवन निर्माण के लिए चयनित भूमि की विस्तृत जानकारी संगठन के सदस्यों को दी जाएगी। मंच के अनुसार, भवन निर्माण के लिए चयनित भूमि केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने संगठन को दान में दी है।
दशहरा के अवसर पर प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियों पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने भवन निर्माण की प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने और भूमि पूजन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बैठक में यूजीसी एवं आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। इन मुद्दों को लेकर मंच की ओर से आगामी दिनों में कार्यक्रम आयोजित करने तथा उनकी रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा की गई।
संरक्षक उदय प्रताप सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप भवन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इसके निर्माण को गति देने के लिए संगठन के प्रत्येक सदस्य को सक्रिय होकर समय और सहयोग देना होगा। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर भवन निर्माण के अभियान में योगदान देने की अपील की।
बैठक में संरक्षक उदय प्रताप सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह, महामंत्री एसके सिंह, उपाध्यक्ष उमेश सिंह एवं मुकेश सिंह, सचिव मुन्ना सिंह एवं लल्लू सिंह समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।