गोविंदपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, गर्भवती महिला की मौत

गोविंदपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, गर्भवती महिला की मौत

डीजे न्यूज, गोविंदपुर,धनबाद : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अमरपुर के समीप सोमवार शाम जीटी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गयी। हादसे में महिला के पति और दो बच्चे बाल-बाल बच गये। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों व स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर जीटी रोड जाम कर दिया। कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार टुंडी मोहनाद निवासी फिरोज अंसारी अपनी पत्नी कुलसुम आरा (30) और दो बच्चों फरहान (5) व चाहत (3) के साथ बाइक से गोविंदपुर से इलाज कराकर घर लौट रहे थे। अमरपुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से कुलसुम सड़क पर गिर गयी और ट्रक की चपेट में आ गयी। उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। बताया गया कि कुलसुम गर्भवती थी।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर गोविंदपुर पुलिस पहुंची और ट्रक व बाइक जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया।

मुआवजे की मांग पर जाम:

घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन व स्थानीय लोग मौके पर जुट गये और मुआवजे की मांग को लेकर जीटी रोड जाम कर दिया। सूचना पर सीओ यशवंत कुमार सिन्हा और थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत पहुंचे। बाद में जिला परिषद सदस्य सोहराब अंसारी व झामुमो नेता एजाज अहमद भी पहुंचे। अधिकारियों व नेताओं ने मृतका के आश्रितों को तत्काल आर्थिक मदद का आश्वासन दिया। सीओ ने सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भी भरोसा दिया। इसके बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हुआ।

पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। कुलसुम अपने पीछे पति और दो छोटे बच्चों को छोड़ गयी है। घटना से परिवार में मातम पसरा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top