गर्भपात के दौरान विवाहिता की हुई मौत के मामले में 15 के खिलाफ प्राथमिकी
एसएनएमएमसीएच की नर्स समेत चार गिरफ्तार, भेजे गए जेल
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र के श्यामडीह स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक में गुरुवार को गर्भवात के दौरान हुई विवाहिता किरण कुमारी की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मृतका के पिता राजेंद्र कुमार केवट के लिखित शिकायत के आलोक में पुलिस ने मृतका के पति सोनु केवट, ससुर नेवालाल केवट, सास विलो देवी, बड़ा जेठ- सुजन केवट, बड़ा गोतनी भाग्य देवी, मझला जेठ राजेश केवट, गोतनी सुमित्रा देवी, ननद बबिता देवी, सेन्ट्रल डायग्नोस्टिक के संचालक सचिन केवट, शिवम पाण्डेय, श्रीनाथ, रिलीफ डायग्नोस्टिक के स्टाफ विजय गोस्वामी, डाक्टर राजीव नयन, एसएनएमएमसीएच के टेक्नीशियन नितेश कुमार दान एवं नर्स सुलोचना कुमारी के विरुद्ध बीएनएस, पीसीपीएनडीटी एक्ट1994 एवं एमटीपी एक्ट के सुसंगत धाराओ में केस किया है।
पुलिस ने मृतका के पति सोनु केवट, चलकरी बस्ती, थाना- पेटरवार, जिला-बोकारो, सेन्ट्रल डायग्नोस्टिक के एक संचालक सचिन केवट, बरवाडीह, प्रधानखंता, थाना तोपचांची, रिलीफ डायग्नोस्टिक, धनबाद के अल्ट्रासाउंड स्टाफ विजय गोस्वामी, नीलांचल कॉलोनी, थाना सरायढेला एवं एसएनएमएमसीएच की नर्स सुलोचना देवी, लुकेया, थाना टुंडी को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थानेदार प्रवीण कुमार ने बताया कि अन्य आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मालूम हो कि गुरुवार को पेटरवार के चलकरी बस्ती की विवाहिता किरण कुमारी गर्भवती थी।किरण के पति सोनु केवट अपने परिचित सेंट्रल डायग्नोस्टिक धनबाद में जाकर किरण की लिंग जाँच कराया और जब उसे पता चला कि गर्भ में पल रहा बच्चा लडकी है तब इनलोगो नें सेंट्रल डायग्नोस्टिक श्यामडीह में एसएनएमएमसीएच धनबाद से लैव टेक्नीशियन नितेश दान और नर्स सुलोचना देवी को बुलाकर असुरिक्षत गर्भपात कराया। गर्भपात के पश्चात जब किरण कुमारी की हालत विगड़ने लगी तब ये लोग आनन- फानन में किरण कुमारी को संजीवनी अस्पताल, श्यामडीह ले गए जहाँ जाँच के दौरान उन्हें मृत पाया गया।