बंद खदान ने ली एक और जान, 24 घंटे बाद मिला मनोज यादव का शव

बंद खदान ने ली एक और जान, 24 घंटे बाद मिला मनोज यादव का शव

ट्रक चलाकर पालते थे परिवार, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; शव मिलते ही मचा कोहराम

डीजे न्यूज, गावां (गिरिडीह) : गावां प्रखंड के गदर गांव में बंद पड़ी खदान में डूबे मनोज यादव का शव करीब 24 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर बरामद किया गया। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मनोज की मौत से उनके दो पुत्र और एक पुत्री के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय रामचंद्र यादव के पुत्र मनोज यादव गुरुवार दोपहर मवेशी चराने निकले थे। इसी दौरान वह बंद पड़ी खदान के पास पहुंचे, जहां पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद कुछ महिलाओं ने उन्हें डूबते देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटना की जानकारी मिलने पर गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार और अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद जेसीबी और मोटर पंप की मदद से शव निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन गुरुवार को सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को परिजन और ग्रामीण एक बार फिर तलाश में जुटे। काफी मशक्कत के बाद झगड़ की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया।

**ट्रक चलाकर चलाते थे परिवार, गांव लौटकर कर रहे थे खेती**

मनोज यादव ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। कुछ महीने पहले वह खेती-बाड़ी करने के उद्देश्य से गांव लौट आए थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठने की खबर से ग्रामीण भी मर्माहत हैं।

इधर, गावां थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top