धनसार में सात अपराधी गिरफ्तार, कट्टा-जिंदा गोली और चोरी की बाइक बरामद पूछताछ के बाद हथियार सप्लायर भी गिरफ्तार

धनसार में सात अपराधी गिरफ्तार, कट्टा-जिंदा गोली और चोरी की बाइक बरामद

 

पूछताछ के बाद हथियार सप्लायर भी गिरफ्तार

 

डीजे न्यूज, धनबाद पुलिस को अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। धनसार थाना क्षेत्र में आधी रात गश्ती के दौरान दो बाइक पर सवार छह संदिग्ध युवकों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से देशी कट्टा और दूसरे के पास से जिंदा गोली बरामद हुई। पूछताछ में एक बाइक चोरी की होने का भी खुलासा हुआ। मामले में हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस तरह कुल सात अपराधी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

 

रविवार को इस संबंध में एक प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मामला धनसार थाना क्षेत्र के कलासंगम मनईटांड़ का है। जहां 22 अगस्त की रात करीब साढ़े तीन बजे पुलिस गश्ती दल इलाके में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर दो बाइक पर सवार छह युवकों पर पड़ी।

 

पुलिस वाहन को देखते ही सभी युवक भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया और गांधी नगर शिव मंदिर के पास सीटी हॉक की मदद से इलाके की घेराबंदी कर सभी छह युवकों को दबोच लिया।

 

पकड़े गए युवकों की तलाशी लेने पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली। आरोपी आजाद आलम की कमर से एक देशी कट्टा बरामद किया गया, जबकि मुकेश कुमार की जेब से 3.15 एमएम की जिंदा गोली मिली।

 

पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि बरामद दो बाइकों में से एक बाइक चोरी की है, जिसे मटकुरिया इलाके से चोरी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी चोरी की नीयत से इलाके में घूम रहे थे।

 

पूछताछ के दौरान आजाद आलम ने हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के रूप में जग्गू पासवान का नाम बताया। इसके बाद आजाद की निशानदेही पर पुलिस ने जग्गू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया।

 

इस मामले में पुलिस ने कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो बाइक, एक देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

फिलहाल धनसार थाना पुलिस गिरफ्तार सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को धनबाद में अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top