चित्रकलाओं के माध्यम से कैनवास पर साकार करेंगे झारखंड की विरासत व परंपरा

चित्रकलाओं के माध्यम से कैनवास पर साकार करेंगे झारखंड की विरासत व परंपरा

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस (15 नवंबर) के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा एक अनूठी पहल करते हुए *कैनवास पेंटिंग प्रतियोगिता* का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में धनबाद जिले के *50 से अधिक महाविद्यालयों एवं विद्यालयों* के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ उत्साहपूर्वक भागीदारी करेंगे।

इस प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों द्वारा झारखंड की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, प्रमुख पर्यटन स्थल, वन एवं जलप्रपात, औपनिवेशिक इतिहास तथा झारखंड आंदोलन के महानायकों सहित राज्य की विविध विरासत एवं गौरवशाली परंपराओं को अपनी कलात्मक कल्पनाओं के माध्यम से कैनवास पर उकेरा जाएगा।

इस उद्देश्य से सभी प्रतिभागियों को झारखंड की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत से जुड़े प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। भ्रमण एवं स्थलों के अवलोकन के उपरांत प्रतिभागी अपने अनुभवों, कल्पनाओं एवं रचनात्मक दृष्टिकोण को आकर्षक चित्रकलाओं के माध्यम से कैनवास पर साकार करेंगे।

प्रतियोगिता के अंतर्गत तैयार की गई सभी कलाकृतियों को समाहरणालय परिसर में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आम जनमानस को झारखंड की समृद्ध परंपरा, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर तथा प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराया जा सके। साथ ही, इस पहल के माध्यम से राज्य की विरासत के प्रति जनसामान्य, विशेषकर युवा पीढ़ी में जुड़ाव, गौरव एवं अपनत्व की भावना को प्रोत्साहित किया जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top