छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपाइयों ने किया गिरिडीह बंद, टावर चौक से बड़ा चौक तक जोरदार प्रदर्शन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर झारखंड सरकार द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया. भाजपा के बंद का गिरिडीह जिले में व्यापक असर देखने को मिला. सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले शहर के टावर चौक में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया. यहां सरकार विरोधी नारे लगाए गए और लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की गई. इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में बड़ा चौक पहुंचे. बड़ा चौक से कार्यकर्ताओं ने पूरे बाजार में घूम-घूम कर दुकानों को बंद कराया. इस दौरान हेमंत सरकार मुर्दाबाद, छात्र विरोधी सरकार नहीं चलेगी के नारे गूंजते रहे. बंद के कारण शहर के मुख्य बाजार बंद रहे. दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं. टावर चौक, बड़ा चौक, गांधी चौक और स्टेशन रोड पर वाहनों की आवाजाही काफी कम रही. स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थान भी बंद दिखे. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेताओं ने कहा कि हेमंत सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज दबाना चाहती है. छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र की हत्या है. नेताओं ने कहा कि अगर सरकार ने अपनी नीति नहीं बदली तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. बंद को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. टावर चौक और बड़ा चौक सहित संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा. कहीं से भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है.