छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजपाई राजगंज-रांची मुख्य मार्ग व बलियापुर चौक को किया जाम

छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजपाई

राजगंज-रांची मुख्य मार्ग व बलियापुर चौक को किया जाम

डीजे न्यूज, धनबाद/बलियापुर: जेपीएससी में हुई कथित धांधली के विरोध में विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा की ओर से आहूत बंदी का असर धनबाद में देखने को मिला। जिले के अलग-अलग इलाकों में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बंद को सफल बनाने में जुटे हैं। राजगंज-रांची एनएच-32 मुख्य मार्ग को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जाम कर झारखंड सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “हेमंत सोरेन इस्तीफा दो” और “नौकरी बेचना बंद करो” जैसे नारे लगाए। बंदी के कारण एनएच-32 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि झारखंड में जेपीएससी की परीक्षा में धांधली और घोटाला किया गया है। अपने अधिकार और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जिसे लेकर भाजपा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

राजगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एनएच-32 को जाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक मुख्यमंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं देते, तब तक भाजपा का विरोध जारी रहेगा।
———————

भाजपाइयों ने बलियापुर चौक को किया जाम

बलियापुर: छात्रों की गई लाठी चार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा घोषित झारखंड बंद का बलियापुर में असरदार रहा।  बंदी को सफल बनाने के लिए मंगलवार को भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता बलियापुर बाजार चौक पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया। कार्यकर्ताओं ने बलियापुर बाजार चौक को रस्सी का बेरियर लगाकर सड़क पर धरना दिया। इससे सड़कों पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। बंद समर्थक झारखंड सरकार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विरुद्ध नारे लगा रहे थे। 3 घंटा बाद आंदोलन को वापस ले लिया गया। बंद समर्थकों में भाजपा नेत्री तारा देवी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन कुम्भकार, धर्मजीत सिंह, जगदीश रवानी, डॉ निशी महतो, मंडल अध्यक्ष विद्युत चक्रवर्ती, युवा नेता मिहिलाल रवानी, विजय रवानी, निताई रजवार, आशीष मुखर्जी, विनय मुखर्जी, सपन बनर्जी, मनबोध रवानी, सुरेश गोराई, गौरांग मंडल, मिंटू साव आदि थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top