आंगनबाड़ी के बच्चों को जबरन जर्जर भवन में पढ़ाने की शिकायत

आंगनबाड़ी के बच्चों को जबरन जर्जर भवन में पढ़ाने की शिकायत

डीजे न्यूज, धनबाद: मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में पांडरपाला के लोगों ने जर्जर भवन में आंगनबाड़ी के बच्चों को पढ़ाने की शिकायत उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन से की।
लोगों ने उपायुक्त को बताया कि पांडरपाला के भारत चौक स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को पास के सरकारी स्कूल में शिफ्ट किया गया है। जिस भवन में आंगनबाड़ी को शिफ्ट किया है वह भवन भी काफी जर्जर और दयनीय स्थिति में है। जबकि उस आंगनबाड़ी के लिए नया भवन भी बना है। उन्होंने आंगनबाड़ी के लिए उचित विकल्प निकालने तथा जर्जर भवन की मरम्मत करवाने का अनुरोध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने डीएमएफटी की आंगनबाड़ी टीम को स्थल का निरीक्षण करने, आंगनबाड़ी को तत्काल नए भवन में शिफ्ट करने तथा नया भवन बनाने के बावजूद उसे असुरक्षित भवन में क्यों शिफ्ट किया है, की जांच करने का निर्देश दिया।

वहीं नावाडीह से आए एक व्यक्ति ने बताया कि बिनोद बिहारी चौक के पास एक मॉल में वह अपना व्यवसाय करते हैं। वहां के एक रेस्टोरेंट संचालक ने कॉमन कॉरिडोर में कमर्शियल गैस सिलेंडर लगा कर रखा है। इसके कारण मॉल आने-जाने वालों में असुरक्षा का माहौल बना रहता है। उन्होंने इस पर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

इसके अलावा फर्जी तरीके से निर्गत पारिवारिक प्रमाण पत्र रद्द करने, बेलगड़िया में आवास आवंटन करने, ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत करने, बिना अधिग्रहण बीसीसीएल द्वारा रैयती जमीन पर खनन करने, जलजमाव की समस्या का समाधान करने सहित अन्य शिकायत प्राप्त हुई। उपायुक्त ने सभी शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top