छात्र आंदोलन को भड़काने की भाजपा की कोशिश नाकाम, झारखंड बंद से जनता ने बनाई दूरी : संजय सिंह

छात्र आंदोलन को भड़काने की भाजपा की कोशिश नाकाम, झारखंड बंद से जनता ने बनाई दूरी : संजय सिंह
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के गिरिडीह जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने मंगलवार को सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा पर छात्र आंदोलन की आड़ में राज्य में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथित साजिश पूरी तरह विफल रही और झारखंड बंद को छात्रों एवं आम जनता का समर्थन नहीं मिला।
संजय सिंह ने कहा कि छात्र संगठनों की मांगों को लेकर राज्य सरकार ने गंभीरता दिखाई और त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि छात्रों की करीब 98 प्रतिशत मांगों को सरकार ने स्वीकार कर लिया था। आंदोलन से जुड़ी सभी प्रमुख बातों को मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लगातार लाया जा रहा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन के बीच भाजपा ने पश्चिम बंगाल से लोगों को बुलाकर उपद्रव कराने का प्रयास किया। भाजपा की इस कथित गतिविधि के कारण शांतिपूर्ण आंदोलन का माहौल बिगड़ा और आंदोलन को अराजक बनाने की कोशिश की गई।
झामुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि झारखंड सरकार ने छात्रों की मांगों के समाधान के लिए जिस तरह सीधे संवाद स्थापित किया, वह सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में पहल की, इसके बावजूद भाजपा ने आंदोलन को राजनीतिक रूप देने का प्रयास किया।
संजय सिंह ने दावा किया कि झारखंड बंद पूरी तरह विफल रहा। उन्होंने कहा कि बंद को न तो छात्र संगठनों का समर्थन मिला और न ही आम जनता ने इसमें भागीदारी की। जनता ने भाजपा की राजनीति को नकारते हुए बंद से दूरी बनाए रखी।
प्रेस कांफ्रेंस में महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, झामुमो जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा सहित पार्टी के कई नेता मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top