चंदा चोरी और एमएमडीआर के खिलाफ राजभवन घेराव 7 सितंबर को
डीजे न्यूज, धनबाद:
7 सितंबर को रांची में आयोजित होने वाले राजभवन घेराव को सफल बनाने को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस की समीक्षा बैठक जिला मुख्यालय, हाउसिंग कॉलोनी में जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आंदोलन की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा धनबाद से रांची कूच की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि 7 सितंबर का राजभवन घेराव मुख्य रूप से चंदा चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच तथा खान एवं खनिज संशोधन बिल के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों का सीधा संबंध जनता, देश की प्राकृतिक संपदा और सार्वजनिक हित से है। कांग्रेस इन सवालों पर मजबूती से अपनी आवाज बुलंद करेगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां की खनिज संपदा पर सबसे पहला अधिकार जनता के हितों का होना चाहिए। संशोधन बिल के प्रावधानों को लेकर कांग्रेस अपनी आपत्तियां लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के समक्ष रखेगी।
संतोष कुमार सिंह ने कहा कि चंदा चोरी के आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रकार की अनियमितता और जनहित से जुड़े सवालों पर चुप नहीं बैठेगी।
उन्होंने धनबाद जिले के सभी प्रखंडों, मंडलों, अग्रणी संगठनों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि 7 सितंबर को बड़ी संख्या में रांची पहुंचें और राजभवन घेराव-प्रदर्शन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।
बैठक में नेताओं ने कहा कि धनबाद झारखंड की औद्योगिक एवं खनिज संपदा की दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण जिलों में से एक है। ऐसे में खान-खनिज नीति और उससे जुड़े फैसलों का यहां के मजदूरों, किसानों, विस्थापितों और आम लोगों पर सीधा प्रभाव पड़ता है। कांग्रेस जनहित के इन सवालों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रखंड और मंडल स्तर पर तैयारियां तेज
राजभवन घेराव में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड एवं मंडल स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने, कार्यकर्ताओं से संपर्क करने तथा रांची जाने की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस अवसर पर झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव, नवनीत नीरज, अवध नारायण प्रसाद, कालीचरण यादव, जोगेंद्र सिंह जोगी, मंटू दास, क्युम खान, महेंद्र दुबे, गणपत महतो, राजू दास, मृत्युंजय कुमार सिंह, श्याम कुमार साह, योगेश रजक, शब्बीर अली, प्रीतम रवानी, संतोष राय, मनोज हाड़ी, निवारण महतो, नवीन पासवान, रंजीत सिंह, संतोष मोदक, गौतम पासवान, धर्मेंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार, प्रेम कुमार चौरसिया, एम.डी. मसूद आलम, भगवान दास, बिट्टू कुमार सिंह, सीता राना, महेंद्र पासवान, हरिओम कुमार, नीतू देवी, अजय कुमार पांडे, मनोहर कुमार दास, आशीष सिन्हा, बंटी दास, मधुसूदन सिंह चौधरी सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित थे।