बसेरिया के पूर्व पार्षद संजय कुमार की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा

बसेरिया के पूर्व पार्षद संजय कुमार की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा

आम जनता को समर्पित किया गया दो कमरों का भवन

डीजे न्यूज, केंदुआ (धनबाद): नगर निगम बसेरिया वार्ड संख्या 13 के पूर्व पार्षद संजय कुमार की छठीं पुण्यतिथि गुरुवार को गोंदूडीह इको रेस्टोरेशन पार्क स्थित काली मंदिर प्रांगण में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी स्मृति में आम जनता की सुविधा के लिए निर्मित दो कमरों के भवन को लोगों को समर्पित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कुसुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) निखिल बी त्रिवेदी ने स्व संजय कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “पूर्व पार्षद स्व. संजय कुमार ने प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर जनता के विकास के लिए अनेक कार्य किए। जब तक वे जीवित रहे, उन्होंने प्रबंधन के साथ मिलकर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया। लोगों की समस्याओं का हल निकालना उनका प्रमुख कार्य था। यही कारण है कि आज भी लोग उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद कर रहे हैं।”

इस अवसर पर स्व. संजय कुमार के भाई संजीत कुमार ने कहा, “पूर्व पार्षद स्व. संजय कुमार की इच्छा के अनुरूप पार्क काली मंदिर के निकट आम जनता की सुविधा के लिए दो कमरों का भवन बनवाया गया है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। शादी-विवाह, सामाजिक कार्यक्रमों अथवा ठहराव के दौरान आम लोगों को इस भवन का लाभ मिल सके।” कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्व. संजय कुमार के सामाजिक योगदान और जनसेवा को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर कुसुंडा क्षेत्र के अधिकारी ए.के. शर्मा, दिलीप कुमार, एके सिंह, टुनटुन यादव, पप्पू यादव, निसार आलम, शिवकुमार, मोहन राम, भोलू यादव, रंजीत यादव, जीतू पासवान, ब्रह्मदेव यादव, संतोष पासवान, बीरेंद्र यादव, रामाशीष यादव, योगेंद्र यादव, सागर रवानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top