बरमसिया छठ तालाब एवं जर्जर सड़क का विधायक राज ने किया निरीक्षण नगर आयुक्त को  त्वरित एवं स्थायी समाधान करने का दिया निर्देश

बरमसिया छठ तालाब एवं जर्जर सड़क का विधायक राज ने किया निरीक्षण

नगर आयुक्त को  त्वरित एवं स्थायी समाधान करने का दिया निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: नालियों का गंदा पानी गिरने से बरमसिया स्थित छठ तालाब प्रदूषित हो रहा है। साथ ही तालाब का बांध टूट जाने के कारण दुहाटांड़–बरमसिया मार्ग अत्यंत जर्जर एवं खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है, जिससे स्थानीय लोगों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को विधायक राज सिन्हा ने उक्त छठ तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से विस्तारपूर्वक बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना तथा मौके से ही नगर आयुक्त से वीडियो कॉल के माध्यम से सड़क एवं छठ तालाब की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने इस गंभीर जनसमस्या के त्वरित, प्रभावी एवं स्थायी समाधान हेतु अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
नगर आयुक्त ने विधायक को आश्वस्त किया कि आगामी दो दिनों के भीतर आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए समस्या के समाधान की दिशा में कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि छठ तालाब करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इसका प्रदूषित होना अत्यंत चिंता का विषय है। वहीं सड़क की बदहाल स्थिति आमजन के आवागमन के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े प्रत्येक विषय का शीघ्र, प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि वे जनहित के प्रत्येक मुद्दे पर निरंतर सक्रिय रहते हुए जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं।
निरीक्षण के दौरान भाजपा युवा नेता भागीरथ दास, चंदू शर्मा,  शंकर सिंह, राजकुमार, सुजीत कुमार,  विनोद राम, सुजीत रवानी सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top