बलियापुर की खबरें:-

Advertisements

बलियापुर की खबरें:-

भाकपा माले ने केंद्र सरकार का जलाया पुतला

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद):  पेट्रोल- डीजल व गैस की मूल्य वृद्धि के विरोध में गुरुवार को बलियापुर बाजार चौक पर भाकपा माले ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। वक्ताओं ने  भाजपा की केंद्र सरकार को जन विरोधी करार दिया। कहा की केंद्र सरकार नीट पेपर लीक कर लाखों शिक्षित बेरोजगार युवकों के भविष्य पर खिलवाड़ कर रही है। वहीं पेट्रोल डीजल की बेतहाशा मूल्य वृद्धि कर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का काम कर रही है। मौके पर भाकपा माले के प्रखंड सचिव गणेश महतो, देवाशीष पांडे, राजाराम रजक, कृष्ण दां , प्रेम महतो, दिलीप महतो आदि थे।
—————————————-

छात्रों के बीच का विवाद सलटा

बलियापुर: जगदीश पब्लिक स्कूल कर्माटांड़ के छात्रों के दो गुटों के बीच बुधवार को हुए मारपीट के मामले को सलटाने के लिए गुरुवार को स्कूल परिसर में बैठक हुई। बैठक में स्कूल प्रबंधन तथा छात्रों के अभिभावक उपस्थित रहे। बैठक में मारपीट करने वाले छात्रों ने अपनी गलती स्वीकारते हुए आगे इस तरह की हरकत नहीं करने का वादा किया। छात्रों ने माफी भी मांगी। तब जाकर मामले का समाधान हुआ। बैठक में विद्यालय के प्रधान शिक्षक विंध्याचल सरकार, शिक्षक प्रकाश रवानी थे।
————————————–
गोपीनाथडीह में लगा शिविर
बलियापुर: गोपीनाथडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गुरुवार को कल्याण विभाग की ओर से आदिवासियों के लिए लाभ योजनाओं से संबंधित कैंप का आयोजन किया गया। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी पूजा कुमारी ने बताया कि शिविर में गांव के काफी संख्या में आदिवासी भाई बहने पहुंचे। इस अवसर पर आधार कार्ड से संबंधित 21,  प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 28, वृद्धा पेंशन के लिए दो, जाति प्रमाण पत्र के लिए एक आवेदन प्राप्त हुए। कैंप में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 45 लोगों का स्वास्थ्य जांच भी किया गया। मौके पर पंचायत की मुखिया सारथी बनर्जी, पूर्व मुखिया कन्हाई बनर्जी, वार्ड सदस्य आदि थे।
———————————————-
भाकपा माले कार्यकर्ता को दी गई श्रद्धांजलि
बलियापुर: केंदवाटांड़ के भाकपा माले कार्यकर्ता किशन महतो के निधन पर गुरुवार को शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिवंगत के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई । श्रद्धांजलि देने वालों में सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो, जिला परिषद सदस्य श्वेता कुमारी, मुखिया दिलीप महतो, पंचायत समिति सदस्य दिवाकर महतो समेत सैकड़ो लोग शामिल थे। मालूम हो कि 11 मई को बीमारी के कारण उनका निधन हो गया था।
————————————-

ज्ञान केंद्र पुस्तकालय का शुभारंभ
बलियापुर: दोलाबड़  में गुरुवार को सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो ने ज्ञान केंद्र पुस्तकालय का उद्घाटन किया। मौके पर प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, उप प्रमुख आशा देवी, मुखिया सुनीता मल्लिक, राकेश मल्लिक, दिलीप गोप, भोलानाथ महतो, प्रोफेसर वरुण सरकार आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top