दवा दुकान में इंजेक्शन लगते ही युवती की तबीयत बिगड़ी, मौत
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के चिरकी बाजार स्थित सावन मेडिकल में इलाज के दौरान एक युवती की मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सरमीला टुडू (पिता-मंजू टुडू) के रूप में हुई है। वह चिरकी पंचायत के घटियारी गांव की रहने वाली थी।
जानकारी के अनुसार सरमीला टुडू दवा लेने के लिए सावन मेडिकल पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद कर्मी द्वारा उसे इंजेक्शन लगाया गया। आरोप है कि इंजेक्शन दिए जाने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।हालांकि इस दौरान उसे इलाज के लिए पीरटांड़ सीएचसी भी भेजा गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पीरटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
प्रभारी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इलाज के दौरान युवती की मौत होने की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्वजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि मेडिकल संचालक और पीड़ित परिवार के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत चल रही है। साढ़े पांच लाख रुपए बतौर मुआवजा मृतका के स्वजनों को देने पर सहमति बनी है। हालांकि इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। बता दें कि पीरटांड़ में इस प्रकार की कई बार घटना हो चुकी है पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से झोला छाप डॉक्टर इलाज करने में व्यस्त हैं।
दवा दुकान में इंजेक्शन लगते ही युवती की तबीयत बिगड़ी, मौत
Advertisements