कहीं टूट रहे 11 हजार वोल्ट के तार, कहीं छह माह से अधूरे पड़े पोल
बिजली संकट से सरिया के लोग परेशान, नगर पंचायत अध्यक्ष शोभा देवी ने उठाई आवाज
डीजे न्यूज, सरिया (गिरिडीह) : बड़की सरैया नगर पंचायत क्षेत्र में बदहाल बिजली व्यवस्था और जर्जर तारों की समस्या अब आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। कहीं पुराने तार टूटकर गिर रहे हैं तो कहीं पोल लगने के छह माह बाद भी केबल नहीं खींचे गए हैं। अनियमित बिजली आपूर्ति से जहां व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है, वहीं छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। इन समस्याओं को लेकर मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष शोभा देवी और उनके प्रतिनिधि फागू पंडित ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक (गिरिडीह) को मांग पत्र सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की।
सौंपे गए मांग पत्र में कहा गया है कि सरिया बाजार एक प्रमुख व्यावसायिक मंडी है। इसके बावजूद यहां बिजली की समस्या बनी रहती है। नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति नहीं होने से दुकानदारों और व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं बिजली संकट के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि पूरे नगर पंचायत क्षेत्र को अविलंब सरिया फीडर से जोड़कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए नगर पंचायत को एक ट्रॉली ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया जाए।
मांग पत्र में सरिया बाजार क्षेत्र के 11 हजार वोल्ट के पुराने और जर्जर तारों का मुद्दा भी उठाया गया है। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि ये तार बार-बार टूटकर गिरते रहते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए इन्हें अविलंब बदलने की जरूरत है।
इसके अलावा सरिया के काल रोड में करीब छह माह पूर्व यूबी टेक कंपनी द्वारा बिजली के पोल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन अब तक उन पर केबल तार नहीं खींचे गए हैं। वहीं ठाकुरबारी टोला के पासवान टोला और रविदास टोला में भी एलटी तारों की स्थिति जर्जर है। इन स्थानों पर पुराने तारों को हटाकर नए केबल तार लगाने की मांग की गई है।
इस मौके पर प्रतिनिधि फागू पंडित ने कहा कि सरिया बाजार से बिजली विभाग को प्रतिवर्ष लाखों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन इसके अनुरूप उपभोक्ताओं को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने महाप्रबंधक से जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया।