हेमंत सोरेन के मधुबन दौरे को लेकर झामुमो ने झोंकी ताकत

हेमंत सोरेन के मधुबन दौरे को लेकर झामुमो ने झोंकी ताकत

 देवरी-जमुआ से कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी की तैयारी

डीजे न्यूज, देवरी (गिरिडीह) : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई वरिष्ठ नेताओं के पांच नवंबर को गिरिडीह जिले के मधुबन आगमन को लेकर झामुमो ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को देवरी प्रखंड स्थित झामुमो कार्यालय थाना मोड़ में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।

बैठक में बतौर पर्यवेक्षक पूर्व विधायक केदार हाजरा, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य प्रणव वर्मा, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष चांद रसिक तथा जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा संयुक्त रूप से मौजूद रहे। इस दौरान देवरी प्रखंड के झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम की सफलता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कई महत्वपूर्ण रणनीतियां बनाई गईं। बैठक में देवरी प्रखंड से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं को मधुबन ले जाने तथा ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी कई निर्णय लिए गए।

इस बाबत पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि देवरी और जमुआ प्रखंड से भारी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मुख्यमंत्री के आगमन पर मधुबन पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसकी तैयारी को लेकर मंगलवार की बैठक में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की।

बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मुजाहिद अंसारी ने की। मौके पर अनिल चौधरी, बमभोला सिंह, व्यास राय, आरिफ राजा, पोलूस हांसदा, नवीन मुर्मू, किशोर वर्मा, ढेना टुडू, नरेश हाजरा, संजय राम सहित झामुमो के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top