बिहार के चर्चित शिक्षक खान सर ने बच्चों से किया ऑनलाइन संवाद
विद्यार्थियों के जिज्ञासा से किया शांत, पढ़ाई के दिए टिप्स
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): छात्र-छात्राओं के बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन के लिए सरिया बैंक्विट हॉल में शनिवार को ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
स्व डॉ बुद्धदेव महतो फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बिहार के चर्चित शिक्षक खान सर ने बच्चों से संवाद किया। ऑनलाइन संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर और भविष्य से जुड़े अनेक सवाल उनके समक्ष रखें। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं मौके पर मौजूद अभिभावकों ने भी खान सर से बातचीत के क्रम में अपने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मालूम हो कि फाउंडेशन के माध्यम से करीब दो सौ विद्यार्थियों की पढ़ाई कराई जा रही है। कार्यक्रम में बलियापुर के सीओ मुरारी नायक, बीबीएम इंटर कॉलेज के प्रोफेसर वरुण कुमार सरकार , सुनील महतो, अरविंद महतो, अर्जुन महतो आदि थे।