भाजपा नगर मंडल ने संगठन विस्तार को दी गति, SIR अभियान और बूथ मजबूती पर बनी रणनीति
डीजे न्यूज, गिरिडीह: भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह नगर मंडल की मासिक संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को बस स्टैंड रोड स्थित मां काली होटल में नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा सिंकु की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान, बूथ एवं शक्ति केंद्र गठन तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनय सिंह ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ा जाएगा, फॉर्म-7 से अपात्र एवं अवैध मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे तथा फॉर्म-8 के जरिए मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों का संशोधन एवं स्थानांतरण किया जाएगा।
नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा सिंकु ने बताया कि नगर मंडल की सभी बूथ समितियों के गठन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है और जल्द ही सभी बूथों पर समितियों का गठन पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की पहचान है, इसलिए प्रत्येक बूथ को सक्रिय और सशक्त बनाना प्राथमिकता है। साथ ही आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
जिला मीडिया सह-प्रभारी राजेश जायसवाल ने कहा कि नगर मंडल के सभी वार्डों में शक्ति केंद्र संयोजक एवं सह-संयोजकों का गठन शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रभारी संजीव कुमार, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विनीता कुमारी, संजू देवी, संजीत सिंह पप्पू, सुमन सिन्हा, समरदीप, लक्ष्मी गुप्ता, अंजय कुमार शर्मा, पवन शर्मा, नीलू सिन्हा, तुतुल दा, अमर शर्मा, टिंकू सिन्हा, दीपक कुमार उजाला, अमरदीप शर्मा, मक्खन चंद्रवंशी, गुड़िया देवी, राकेश आर्या, रवि सागर, संदीप गुप्ता, पवन साव, बृजेश पांडेय, कार्तिक डंगेच, सुरेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।