08-09 अगस्त को जिलेभर के मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष शिविर

08-09 अगस्त को जिलेभर के मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष शिविर

डीजे न्यूज, गिरिडीह: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से 08 एवं 09 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष शिविर में पहुंचकर अपने तथा परिवार के अन्य पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें और आवश्यकता पड़ने पर नाम जोड़ने, संशोधन अथवा स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करें।

उन्होंने बताया कि 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले अथवा 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र एवं संबंधित क्षेत्र के सामान्य निवासी नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। वहीं जिन मतदाताओं या परिवार के सदस्यों का नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज है अथवा वर्तमान मतदान केंद्र उनके निवास स्थान से दूर है, वे फॉर्म-8 भरकर अपने नाम को निकटतम एवं सुविधाजनक मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करा सकते हैं।

उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों तथा बीएलओ को निर्देश दिया है कि विशेष शिविर के दौरान नागरिकों को आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराएं तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि 08 एवं 09 अगस्त का विशेष शिविर लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी पात्र नागरिक अपने नाम की जांच करें और आवश्यकता होने पर नाम जोड़ने, संशोधन या स्थानांतरण की प्रक्रिया अवश्य पूरी करें। उन्होंने यह भी बताया कि ECINET App एवं voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी फॉर्म-6 और फॉर्म-8 ऑनलाइन भरे जा सकते हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top