बगोदर के गोपालडीह में नव कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा
डीजे न्यूज, बगोदर(गिरिडीह) : बगोदर प्रखंड के गोपालडीह गांव में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में नवनिर्मित शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हेतु नव कुंडीय गायत्री महायज्ञ सह शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया।
अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से बगोदर प्रखंड के प्रखंड समन्वय श्री संजय चौरसिया एवं उप समन्वयक श्री योगेश्वर साव के मार्गदर्शन में यह आयोजन संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस महायज्ञ की शुरुआत 1 मई (शुक्रवार) को भव्य मंगल कलश शोभा यात्रा के साथ हुई। यह यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पूरे गोपालडीह बस्ती का भ्रमण करते हुए उत्तरवाहिनी नदी से जल संग्रह कर वापस मंदिर पहुंची।
तीन दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन का समापन 3 मई को शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा एवं संध्या काल में भव्य दीप महायज्ञ के साथ हुआ। इस महायज्ञ के मुख्य आयोजक श्रीमती धर्मी देवी (पति – श्री मंगरु महतो) रहीं, जिन्होंने अपनी निजी जमीन पर स्वयं के खर्च से शिव मंदिर का निर्माण कराया। इस कार्य में उनके सुपुत्र श्री कैलाश महतो, पुत्रवधू प्रमिला देवी तथा परिवार के अन्य सदस्य मनोज कुमार, ममता देवी, टायसन कुमार, अंजली कुमारी, कौशल्या देवी, काजल कुमारी, सचिन कुमार एवं राजन कुमार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। साथ ही ग्रामवासियों एवं गायत्री परिवार के सदस्यों के सामूहिक प्रयास से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यज्ञाचार्य के रूप में शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि आदरणीय श्री नरेंद्र विद्यार्थी ने विधि-विधानपूर्वक यज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। उन्होंने अपने प्रवचन में शिव परिवार के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसे शिव परिवार में सभी सदस्य मिल-जुलकर रहते हैं, वैसे ही समाज में भी अपनत्व और परोपकार की भावना विकसित होनी चाहिए। उन्होंने मां गायत्री, गुरुदेव एवं वंदनीय माता जी के विचार क्रांति अभियान को अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है, लोग अंधविश्वास से दूर होकर सदाचार और सेवा के मार्ग पर अग्रसर हो रहे हैं। “हम बदलेंगे, युग बदलेगा” और “हम सुधरेंगे, जग सुधरेगा” जैसे नारों को जीवन में उतारने की अपील की गई। इस अवसर पर 20 परिजनों ने दीक्षा संस्कार, दो परिजनों ने पुंसवन संस्कार एवं एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुखिया टेकलाल चौधरी उपस्थित रहे। इसके अलावा जीवलाल चौधरी, केशव महतो, माथुर प्रसाद, सहदेव महतो, विजय कुमार महतो, काशी बरनवाल, देवनारायण चौधरी, विश्वनाथ महतो, कन्हाई चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। साथ ही अखिल विश्व गायत्री परिवार बगोदर प्रखंड कमेटी के व्यवस्थापक जीच्छु साहू, सुनील कुमार, तपेश्वर महतो, हीरालाल दास, नीलकंठ दास, चंद्रकला देवी, प्रतिमा राणा, सुरेश कुमार बरनवाल सहित सैकड़ों माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और यज्ञ को सफल बनाया।