पावित्री हॉस्पिटल ने लगाया रक्तदान शिविर, 17 यूनिट रक्त संग्रह
डीजे न्यूज, गिरिडीह : पावित्री हॉस्पिटल की ओर से रविवार को अस्पताल परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मेयर प्रमिला मेहरा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता। रक्तदान से कई जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए सभी लोगों को आगे आकर इसमें भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम में पावित्री हॉस्पिटल के फाउंडर डॉ. रितेश कुमार सिन्हा ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। उन्होंने बताया कि रक्तदान स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होता है और इससे शरीर का रक्त निर्माण तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में हॉस्पिटल के डॉक्टर, स्टाफ, वार्ड 11 और 12 के नागरिक, कायस्थ महापरिवार और रोटरी ग्रेटर के सदस्यों ने सहयोग किया। कार्यक्रम में डीएसपी-2 कौशर अली, इनर व्हील सनशाइन की पीडीसी पूनम सहाय, मदन विश्वकर्मा, राजेंद्र कुमार तरवे, सतीश कुंदन और अंजू कुमारी समेत कई लोग मौजूद थे।
रक्तदान शिविर में कुल 17 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। आयोजन के दौरान लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक भी किया गया।