बगोदर के अटका से मवेशियों से भरा ट्रक जब्त, पांच गिरफ्तार

Advertisements

बगोदर के अटका से मवेशियों से भरा ट्रक जब्त, पांच गिरफ्तार

डीजे न्यूज, बगोदर(गिरिडीह) : बगोदर पुलिस ने जीटी रोड स्थित अटका के पास कार्रवाई करते हुए भैंसों (काड़ा) से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मवेशियों को हजारीबाग गौशाला भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि गिरिडीह पुलिस अधीक्षक को रविवार की रात सूचना मिली थी कि पशु तस्करों द्वारा बिहार से अवैध रूप से पशुओं को ट्रक में लोड कर जीटी रोड के बरही-बगोदर मार्ग होते हुए पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अवैध पशुओं की बरामदगी के लिए बगोदर-सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार राम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावा बगोदर थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस बल शामिल थे। टीम द्वारा जीटी रोड अटका के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान बरही की ओर से आ रहे ट्रक संख्या जेएच12जी-6492 को रोकने का संकेत दिया गया।

पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 42 भैंस (काड़ा) क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर लदे हुए पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में जहानाबाद (बिहार) के कलपा थाना क्षेत्र अंतर्गत काजोपुर काली निवासी पिंटु कुमार, नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के मकनपुर निवासी राजकुमार यादव, तथा नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के परवलपुर निवासी जलेन्दर कुमार, पंकज कुमार और यदुनंदन यादव शामिल हैं।

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा बरामद सभी मवेशियों को हजारीबाग गौशाला भेज दिया गया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top