बच्चों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य प्रशासन की प्राथमिकता : उपायुक्त रामनिवास यादव
उपायुक्त ने अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों से की भेंट
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने शुक्रवार को लखारी स्थित मिशनरीज ऑफ चैरिटी का निरीक्षण कर वहां रह रहे असहाय एवं परित्यक्त बच्चों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, भोजन और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा बच्चों के साथ आत्मीय बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मिशनरीज ऑफ चैरिटी में वर्तमान में 0 से 10 वर्ष तक के उन बच्चों की देखभाल की जा रही है, जिनके माता-पिता नहीं हैं या जिन्हें विभिन्न परिस्थितियों में परित्यक्त अवस्था में पाया गया है। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) की देखरेख में 19 बच्चों का पालन-पोषण एवं संरक्षण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संस्थान में उपलब्ध साफ-सफाई, पोषण, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षित वातावरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को केवल संरक्षण ही नहीं, बल्कि स्नेह, शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकें।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों की जरूरतों और सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा संस्थान को हर संभव प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है।
इस अवसर पर बाल संरक्षण पदाधिकारी जीतू कुमार, जिला बाल संरक्षण इकाई की परामर्शी नीलम कुमारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं संस्थान की संचालिकाएं उपस्थित थीं।