विद्युत आपूर्ति बहाल करने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी  : उपायुक्त रामनिवास यादव 

Advertisements

विद्युत आपूर्ति बहाल करने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी  : उपायुक्त रामनिवास यादव 

बिजली संकट पर एक्शन मोड में जिला प्रशासन, पावर ग्रिड पहुंच डीसी ने संभाली कमान

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में भीषण गर्मी, तेज हवाओं एवं सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान विद्युत लाइनों को हुई क्षति से उत्पन्न बिजली संकट को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने करहरबारी पावर ग्रिड, बस स्टैंड पावर सब स्टेशन एवं डांडीडीह पावर ग्रिड स्टेशन का निरीक्षण कर बिजली बहाली कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तकनीकी खराबी, क्षतिग्रस्त लाइनों एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी, तेज हवा तथा पचम्बा रोड चौड़ीकरण कार्य के कारण 33 केवीए लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। कई विद्युत पोल एवं ओवरहेड तारों को नुकसान पहुंचा है, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।

उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं तकनीकी टीम को निर्देश देते हुए कहा कि आमजनों को राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति बहाल करने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

विद्युत विभाग द्वारा शहर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए 45 मैनपावर को लगाया गया है, जो लगातार फील्ड में रहकर क्षतिग्रस्त लाइनों एवं विद्युत ढांचे की मरम्मत में जुटे हुए हैं। अतिरिक्त संसाधनों एवं तकनीकी टीम की मदद से युद्धस्तर पर कार्य जारी है।

उपायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों का भी दौरा किया और मरम्मत कार्य में लगे कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। प्रशासन एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है, ताकि जल्द से जल्द आमजनों को सुचारू बिजली सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

इस दौरान अधीक्षण अभियंता शकील आलम, कार्यपालक अभियंता मृणाल गौतम, सहायक अभियंता सुरजीत उपाध्याय समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top