गिरिडीह में कल होगा बड़ा फैसला, SIR की 5वीं बैठक में तय होगा किसका नाम कटेगा-किसका जुड़ेगा

गिरिडीह में कल होगा बड़ा फैसला, SIR की 5वीं बैठक में तय होगा किसका नाम कटेगा-किसका जुड़ेगा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) – 2026 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से दिनांक 04 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO-BLA-2 एवं चुनाव पाठशाला की पांचवीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक किया जाएगा। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना, पात्र नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। बैठक के दौरान विशेष रूप से उन मतदाताओं के मामलों पर चर्चा की जाएगी, जिन्हें सुनवाई के दौरान दो बार नोटिस दिए जाने तथा हाउस-टू-हाउस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के कारण दस्तावेज संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे मामलों की समीक्षा करते हुए नियमानुसार आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ऐसे सभी पात्र भारतीय नागरिक, जो दिनांक 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, उनकी पहचान कर उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top