गिरिडीह में जनता दरबार : उपायुक्त ने एक-एक फरियादी की सुनी समस्या, एक सप्ताह में निपटाने का निर्देश

गिरिडीह में जनता दरबार : उपायुक्त ने एक-एक फरियादी की सुनी समस्या, एक सप्ताह में निपटाने का निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान तथा प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित कर विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की।जनता दरबार में खाद्य आपूर्ति, कल्याण, भूमि विवाद, शिक्षा, पेंशन, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति सहित व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक हित से जुड़े विभिन्न मामले सामने आए। उपायुक्त ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित मामलों की वर्तमान स्थिति एवं उनके निष्पादन की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच करते हुए नियमानुसार ठोस एवं परिणामोन्मुख कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।जन समाधान पोर्टल पर लंबित मामलों को लेकर उपायुक्त ने विशेष गंभीरता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए एक सप्ताह के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही, शिकायतों के निष्पादन की गुणवत्ता एवं कार्रवाई की प्रगति पर प्रभावी अनुश्रवण बनाए रखने को कहा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकार एवं सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों में स्थलीय जांच अथवा अन्य विभागों से समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की जाए। प्रत्येक शिकायत का निष्पादन निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप हो तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जिला प्रशासन का उद्देश्य जनशिकायतों की सुनवाई के साथ-साथ उनके समाधान की प्रक्रिया को जवाबदेह, संवेदनशील एवं प्रभावी बनाना है। मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top