सही मार्गदर्शन छात्रों के भविष्य निर्माण की आधारशिला : वसीम अहमद
छात्रों को सही मार्गदर्शन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण की भी आवश्यकता : डॉ शालिनी खोवाला
स्कॉलर बीएड काॅलेज में आयोजित पांच दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला का सफल समापन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : वनहट्टी स्थित स्कॉलर बीएड काॅलेज में आयोजित पांच दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला के अंतिम दिवस व्याख्यान का विषय “मार्गदर्शन एवं परामर्श” रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास निर्माण एवं जीवन में सही दिशा प्रदान करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम अहमद उपस्थित रहे। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्या डॉ. खोवाला ने कहा कि यह पाँच दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण की भी आवश्यकता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को निरंतर सीखने, अपनी क्षमता पहचानने तथा लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि मो. वसीम अहमद ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में मार्गदर्शन एवं परामर्श के महत्व को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने अपने जीवन एवं करियर के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, निर्णय क्षमता विकास एवं सफल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं निरंतर प्रयास के माध्यम से सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. राजेंद्र प्रसाद एवं डॉ. प्रवीण कुमार मिश्रा ने ओजस्वी साहित्यिक विचारों एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति के साथ किया।