चित्रगुप्त पूजा में इस बार होगा ‘युवा संवाद’, समाज के युवाओं को जोड़ने की बनी खास पहल
हाउसिंग कॉलोनी में चित्रगुप्त पूजा समिति की तीसरी बैठक संपन्न, भव्य आयोजन के साथ समाज के उत्थान पर भी होगा जोर
डीजे न्यूज, धनबाद : हाउसिंग कॉलोनी, धनबाद की चित्रगुप्त पूजा समिति की तृतीय बैठक रविवार को स्वर्गीय डॉ. जे. के. सिन्हा के आवास पर डॉ. शोभा सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में इस वर्ष चित्रगुप्त पूजा को भव्य एवं समाजोपयोगी बनाने के साथ समाज के युवाओं को जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई। सर्वसम्मति से इस वर्ष पूजा समारोह में शाम पांच बजे से छह बजे तक विशेष रूप से ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में चंदा संग्रह की वर्तमान स्थिति, विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा उनके संभावित अंतिम स्वरूप पर श्री राजन सिन्हा ने उपस्थित सदस्यों को विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान कायस्थ समाज और चित्रगुप्त पूजा समिति के सदस्यों ने आयोजन को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं समाजोपयोगी बनाने के लिए अपने सुझाव और विचार रखे।
युवाओं को समाज से जोड़ने की होगी विशेष पहल
बैठक में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को लेकर विशेष चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष शाम पांच बजे से छह बजे तक युवाओं के लिए विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सदस्यों ने कहा कि समाज के युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना और उनकी ऊर्जा को समाज के उत्थान एवं कल्याण की दिशा में लगाना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से इस बार पूजा समारोह में युवाओं के लिए विशेष मंच उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे अपने विचार साझा कर सकें और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
दिवंगत समाजसेवियों को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक में समाज के उन सभी दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। विशेष रूप से स्वर्गीय आर. के. सिन्हा (पूर्व राज्यसभा सदस्य, संगत-पंगत ट्रस्ट के संस्थापक एवं SIS के संस्थापक) के कायस्थ समाज के उत्थान एवं कल्याण के लिए किए गए कार्यों की सराहना की गई। सदस्यों ने कहा कि समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
इसके अलावा स्वर्गीय मुकेश कुमार सिन्हा, स्वर्गीय लाला एन. पी. वर्मा, श्रीमती समर श्रीवास्तव, स्वर्गीय जी. पी. लाल के सुपुत्र तथा अन्य सभी दिवंगत जनों के प्रति भी समाज ने कृतज्ञता व्यक्त की। सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
समाज में नई चेतना लाएगा चित्रगुप्त पूजा का आयोजन
अंत में सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों के सहयोग एवं प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा जताई कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चित्रगुप्त पूजा भव्य रूप से आयोजित होगी और समाज में एक नई चेतना का संचार करेगी। विशेषकर यह आयोजन युवाओं को सामाजिक कार्यों में अधिक से अधिक योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
समिति की ओर से सभी सदस्यों से पूजा की तैयारियों में सहयोग बनाए रखने तथा अपने घरों के युवाओं को विशेष रूप से ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल कराने की अपील की गई।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में डॉ. शोभा सिन्हा, सत्येंद्र कुमार सिन्हा, राजन सिन्हा, अजय शंकर श्रीवास्तव, ए. के. मुरारी, पवन कुमार सिन्हा, स्वदेश कुमार श्रीवास्तव, आशुतोष कुमार सिन्हा, प्रीतम कुमार सिन्हा, अरुण कुमार श्रीवास्तव, संजीव रंजन, मनोज कुमार सिन्हा, सुब्रत कुमार लाला, अखौरी अरविंद कुमार सिन्हा, राजकुमार वर्मा, डॉ. अनुपम सिन्हा एवं अन्य चित्रांश बंधु उपस्थित थे।