विदेशी ताकतों के इशारे पर राहुल गांधी देश में फैला रहे भ्रम : अन्नपूर्णा देवी

विदेशी ताकतों के इशारे पर राहुल गांधी देश में फैला रहे भ्रम : अन्नपूर्णा देवी

एसआईआर को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना, हेमंत सरकार को भी घेरा, भ्रष्टाचार, अवैध खनन और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

डीजे न्यूज, गिरिडीह : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को गिरिडीह में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उनकी भाषा और बयानबाजी से ऐसा प्रतीत होता है कि वे किसी विदेशी रिमोट से संचालित हो रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी की काबिलियत जानती है। उन्हें यह तक समझ नहीं है कि देश के सामने किस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मॉक पार्लियामेंट तक ही ठीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को देश की तरक्की और विकास रास नहीं आ रहा है।

एसआईआर पर कांग्रेस के विरोध को लेकर अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि चुनाव आयोग पर बिना सबूत आरोप लगाकर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा किया जा रहा है। एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पहले भी आठ बार अपनाई जा चुकी है। मतदाता सूची को लेकर किसी को आपत्ति है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे दर्ज कराया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने टैक्स और स्टांप ड्यूटी बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला है। राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने अवैध खनन का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकारी संरक्षण में खनन गतिविधियों के जरिए कुछ लोगों की जेबें भरी जा रही हैं।

कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाना क्षेत्र में थाने के अंदर महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना का उल्लेख किया। उन्होंने निष्पक्ष और समयबद्ध जांच, पीड़िता की सुरक्षा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और थाना प्रभारी समेत 15 पुलिसकर्मियों के निलंबन का भी उल्लेख किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top