पीरटांड़ मवेशी अस्पताल में भीषण अगलगी
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ स्थित मवेशी अस्पताल में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलने पर पशुपालन विभाग के कर्मी भी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। गिरिडीह से पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक अस्पताल में रखे फ्रिज, दवाइयां और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो चुके थे।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था और रखरखाव को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों की नियमित देखरेख और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच और नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।