विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने किया विभागीय कार्यों की समीक्षा

विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समितिने किया विभागीय कार्यों की समीक्षा

निर्धारित समय-सीमा में लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने सोमवार को धनबाद जिले का दौरा किया। इस क्रम में परिसदन में समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान ने विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान समिति द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों, उनके अनुपालन की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों तथा संबंधित विभागों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस अवसर पर अध्यक्ष सुरेश पासवान ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विधानसभा में सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रश्नों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सरकार और प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।

विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्न आम जनता की समस्याओं एवं अपेक्षाओं से जुड़े होते हैं। ऐसे में संबंधित विभागों को इनके प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने विभागीय प्रतिवेदनों में सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने तथा अनुपालन की स्थिति स्पष्ट रखने पर भी जोर दिया।

बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रश्नों एवं उनके अनुपालन की अद्यतन स्थिति से समिति को अवगत कराया गया। समिति ने विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया।

समिति ने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।

बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top