बांग्ला भाषा, साहित्य और संस्कृति को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : चंद्रदेव महतो

बांग्ला भाषा, साहित्य और संस्कृति को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : चंद्रदेव महतो

डीजे न्यूज, धनबाद : माझेरपाड़ा रेलवे इंस्टिट्यूट दुर्गा मंदिर प्रांगण में बांग्ला जात्रा का आयोजन किया गया। मौके पर उपस्थित सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो ने बांग्ला भाषा, साहित्य, कला और संस्कृति की महत्ता पर अपने विचार रखते हुए कहा कि बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत केवल बंगाल तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का भी अभिन्न हिस्सा है। विधायक ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि बचपन में गांवों में बांग्ला जात्रा देखने का एक अलग ही आनंद, उत्साह और आकर्षण हुआ करता था। उस समय जात्रा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं था, बल्कि समाज को जोड़ने, लोकजीवन की समस्याओं को मंच पर प्रस्तुत करने और सामाजिक चेतना जगाने का एक सशक्त माध्यम भी था। बांग्ला जात्रा के माध्यम से इतिहास, सामाजिक संघर्ष, मानवीय संवेदनाओं और जनजीवन की कहानियां आम लोगों तक पहुंचती थीं। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि किसी समाज की पहचान, इतिहास, संस्कृति और भावनाओं की वाहक होती है। बांग्ला भाषा और संस्कृति ने साहित्य, संगीत, नाटक, लोककला एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में देश को अमूल्य योगदान दिया है। झारखंड के धनबाद, निरसा, सिंदरी और आसपास के क्षेत्रों में भी बांग्ला भाषा एवं संस्कृति की गहरी जड़ें हैं। यहां की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं में बंगाली समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज आधुनिकता और बदलते सामाजिक परिवेश के बीच हमारी पारंपरिक लोककलाएं, भाषाएं और सांस्कृतिक आयोजन धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहे हैं। ऐसे समय में बांग्ला जात्रा जैसे सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है। नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा, साहित्य, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा और संस्कृति का सम्मान करना विविधता में एकता की भावना को मजबूत करता है। बांग्ला भाषा और संस्कृति को संरक्षित एवं विकसित करने के लिए सामाजिक संगठनों, सांस्कृतिक संस्थाओं, कलाकारों और आम नागरिकों को मिलकर आगे आना चाहिए।अंत में उन्होंने आयोजकों को इस सुंदर सांस्कृतिक आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि बांग्ला जात्रा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि हमारी भाषा, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक चेतना की अनमोल धरोहर है। इसे जीवित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विशिष्टि अतिथि के तौर पर धनबाद के पूर्व महापौर चंद्रशेखर अग्रवाल, प्रसिद्ध डॉक्टर गोपाल चटर्जी, डॉक्टर डी चक्रवर्ती, धनबाद रेजिस्टेंस के संपादक प्रसुन दास गुप्ता ने भी अपने संबोधन में कहा की बांग्ला संस्कृति को बचाने के लिए इस तरह का आयोजन बहुत महत्वपूर्ण है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top