आउटसोर्सिंग परियोजना की जद में आया शहीद स्थल, आज प्रबंधन-यूनियन वार्ता पर टिकी निगाहें

Advertisements

आउटसोर्सिंग परियोजना की जद में आया शहीद स्थल, आज प्रबंधन-यूनियन वार्ता पर टिकी निगाहें

डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : ऐतिहासिक बागडिगी कोलियरी हादसे की याद दिलाने वाला शहीद स्मारक (शहीद बेदी) अब अपने मौजूदा स्थान से हटाया जा सकता है। जानकारी के अनुसार सुशी इंफ्रा आउटसोर्सिंग परियोजना के दायरे में आने से शहीद स्थल पर खतरा उत्पन्न हो गया है। इसके मद्देनजर प्रबंधन द्वारा शहीद बेदी को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है।

बताया जाता है कि बागडिगी कोलियरी कॉलोनी को पूरी तरह खाली कराने की प्रक्रिया में शहीद बेदी एक महत्वपूर्ण बाधा साबित हो रही है। इसी मुद्दे पर चर्चा के लिए मंगलवार को जयरामपुर पीओ कार्यालय में प्रबंधन और विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों के बीच बैठक सुनिश्चित की गई है।

प्रबंधन की ओर से जारी पत्र के माध्यम से सभी ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। बैठक की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

इस संबंध में जमसंघ के नेता राय बाबू सिंह, सुदर्शन प्रसाद और अनिल सिंह तथा राजकासंघ के राजकुमार साव एवं बालेश्वर साहनी ने बताया कि प्रबंधन की ओर से बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि वार्ता के दौरान प्रबंधन का पक्ष सुनने के बाद ही यूनियन अपनी आगे की रणनीति तय करेगी। साथ ही इस मुद्दे पर यूनियन के वरीय नेताओं से भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

यूनियन नेताओं का कहना है कि शहीद बेदी केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि बागडिगी कोलियरी हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों की याद और संघर्ष का प्रतीक है। ऐसे में इसके भविष्य को लेकर होने वाली बैठक पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top