हमर बिरसा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में हजारों छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
अभाविप के आयोजन में जिले के 13 प्रखंडों के विद्यार्थी हुए शामिल, दो दिसंबर को होगा पुरस्कार वितरण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती सह झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गिरिडीह जिला इकाई की ओर से गिरिडीह कॉलेज में हमर बिरसा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के सभी 13 प्रखंडों से हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। अभाविप कार्यकर्ताओं ने इसे गिरिडीह के इतिहास में किसी छात्र संगठन की ओर से एक साथ आयोजित सबसे बड़े शैक्षणिक आयोजनों में से एक बताया।
इस मौके पर अभाविप के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए पांच पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इसमें प्रथम पुरस्कार 5100 रुपये, द्वितीय 3100 रुपये, तृतीय 2100 रुपये, चतुर्थ 1500 रुपये और पंचम पुरस्कार 1100 रुपये दिया जाएगा। सभी विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
वहीं स्नातक, स्नातकोत्तर और बीएड के विद्यार्थियों के लिए भी प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 5100, 3100 और 2100 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इन विजेताओं को भी ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता के टॉप 30 विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र तथा टॉप 100 विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार वितरण समारोह दो दिसंबर को सुबह 11 बजे से झंडा मैदान स्थित विवाह भवन में आयोजित होगा। अभाविप के एसएफएस सह संयोजक अनीश राय ने आयोजन की सफलता का श्रेय जिला भर के समर्पित कार्यकर्ताओं को दिया।
मौके पर प्रोफेसर धर्मेंद्र वर्मा, पूर्व कार्यकर्ता कुमार गौरव, आकाश श्रीवास्तव, गुड्डू राय, अभिजीत सिन्हा, संदीप वर्मा, कृष पासवान, बिट्टू मोदी, गोपी, मयंक, अंजलि, दीपा, सागर, प्रशांत, मुकेश पांडे सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।