झारखण्ड विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत कैंप 18 नवंबर को
डीजे न्यूज, धनबाद: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ‘झारखण्ड विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026’ की प्रक्रिया को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखण्ड के कार्यालय द्वारा आगामी 18 नवंबर (बुधवार) को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष रूप से ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक संचालित होगा।
निर्वाचन आयोग का मुख्य ध्येय है कि “कोई पात्र भारतीय नागरिक छूटे न और कोई अपात्र व्यक्ति जुड़े न”। इस अभियान के तहत निम्नलिखित तीन श्रेणियों के पात्र भारतीय नागरिकों को अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने और संबंधित प्रक्रिया पूरी करने का यह विशेष अवसर प्रदान किया जा रहा है।
मुख्य बातें
वैसे पात्र भारतीय नागरिक जिनका नाम किसी कारणवश ASDD सूची में चिह्नित हो गया था।
वैसे पात्र भारतीय नागरिक जो दूसरी बार नोटिस मिलने के बावजूद अब तक उपस्थित नहीं हो सके हैं।
वैसे पात्र भारतीय नागरिक जो 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, लेकिन अभी तक मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं हुए हैं।
सभी BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) से विशेष अनुरोध
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन द्वारा धनबाद जिला के सभी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA-2) से अनुरोध किया गया है कि वे 18 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘एक और अवसर कैंप’ में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। साथ ही, वे अपने मतदान केंद्र क्षेत्र में निवास कर रहे ऐसे सभी पात्र भारतीय नागरिकों की सूची संबंधित बीएलओ (BLO) को उपलब्ध कराएं, जो 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, ताकि उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
महत्वपूर्ण सूचना
निर्वाचन आयोग द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि कोई भी विदेशी नागरिक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की इस प्रक्रिया में भाग न लें।
सभी पात्र मतदाताओं से अपील की जाती है कि वे इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं और अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया पूर्ण करें।
संपर्क एवं सहायता
मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए नागरिक निम्नलिखित माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं:
वोटर हेल्पलाइन नंबर: 1950
CEO कार्यालय टोल-फ्री नंबर: 18003311950
आधिकारिक वेबसाइट: ceo.jharkhand.gov.in