नावागढ़ लालाबाड़ी और सिनीडीह में हुई भगवान चित्रगुप्त की पूजा, समाज की उन्नति,
ज्ञान और सुख-समृद्धि की कामना की
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): नावागढ़ के लालाबाड़ी और सिनीडीह में कायस्थ समाज के आराध्य देव, न्याय और कर्मों के लेखा-जोखा के प्रतीक भगवान चित्रगुप्त की पूजा बुधवार को विधि-विधान, श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। चित्रांश परिवारों ने कलम, दवात और बही-खातों की पूजा-अर्चना कर समाज की उन्नति, ज्ञान और सुख-समृद्धि की कामना की।
लालाबाड़ी स्थित ऐतिहासिक शारदीय माँ दुर्गा मंदिर प्रांगण में सम्पूर्ण लाला परिवार की ओर से चित्रगुप्त महापूजा का भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की चहल, पहल देखी गई। पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा स्थापित कर धूप, दीप, नैवेद्य और पुष्प अर्पित किए गए। कायस्थ समाज के लोगों ने अपनी कलम और बही-खातों को भगवान के चरणों में रखकर विद्या, बुद्धि और कर्मक्षेत्र में सफलता का आशीर्वाद मांगा। पूजा समाप्ति के बाद महाआरती की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान समाज के वरिष्ठ जनों ने एकजुटता और सामाजिक सरोकारों पर बल दिया।
सिनीडीह के महेशपुर पंचायत सचिवालय परिसर में भी भगवान चित्रगुप्त पूजा भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई। चित्रांश बंधुओं ने अपने आराध्य देव की सामूहिक आराधना की। पंचायत सचिवालय में पूजा को लेकर विशेष साज-सज्जा की गई थी। समाज के लोगों ने सपरिवार पहुंचकर पूजा-अर्चना में भाग लिया और चित्रगुप्त वंदना व आरती गाई गयी। पूजा के उपरांत उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को चित्रगुप्त पूजा और भाई दूज की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त केवल एक वर्ग विशेष के नहीं, बल्कि समस्त मानव जाति को निष्पक्ष कर्म और न्याय के पथ पर चलने की प्रेरणा देते हैं। आयोजन में धनबाद के सांसद ढुलू महतो उपस्थित हुए।
मौके पर उमेश श्रीवास्तव, दिलीप वर्मा, धीरन लाला, बासुकीनाथ लाला, समीर कुमार लाला, सुजीत सिन्हा, अमित सिन्हा, अजित लाला, आलोक सिन्हा, मनोज लाला, सोनू लाला आदि चित्रांश परिवार शामिल थे।