ट्रैक्टर दुर्घटना में राजदेव रविदास की मौत
पीड़ित परिवार से मिले विधायक नागेंद्र महतो, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
डीजे न्यूज, सरिया (गिरिडीह) : सरिया थाना क्षेत्र के मंदरामो पश्चिमी पंचायत अंतर्गत चरका पत्थर गांव में ट्रैक्टर पलटने से राजदेव रविदास की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर बगोदर विधायक सह सचेतक नागेंद्र महतो मृतक के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
विधायक ने दिवंगत राजदेव रविदास के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और हिम्मत बनाए रखने की बात कही। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि विनोद यादव, विधायक प्रतिनिधि बब्लू मंडल, विधायक प्रतिनिधि (पेयजल एवं स्वच्छता) सतीश मंडल, पूर्व मुखिया विनोद यादव, निर्मल मंडल, महेश रविदास, रामचंद्र रविदास, सुरेश राणा समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।